📌22 फरवरी को मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा विभागीय स्टॉल, मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ

जनपद जालौन,
जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिला जज प्रथम सतीश चंद्र द्विवेदी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर को प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने हेतु सभी विभाग सक्रिय समन्वय स्थापित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल अनिवार्य रूप से स्थापित करे तथा योजनाओं की विस्तृत एवं अद्यतन जानकारी आमजन को उपलब्ध कराए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को शिविर स्थल पर ही आवेदन स्वीकार कर तत्काल लाभान्वित किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिकतम सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि यह शिविर विशेष रूप से गरीब, असहाय, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, विवाद समाधान, लोक अदालत संबंधी जानकारी तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की सूची, पात्रता शर्तें एवं आवश्यक प्रपत्र समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।

बैठक में विशेष न्यायाधीश एससीएसटी एक्ट सुरेश चंद्र गुप्ता, विशेष न्यायाधीश डकैती डॉ अवनीश कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


