जालौन।जालौन-उरई रोड के अकोढ़ी कोठी के पास हरकौती,गायर सहित कई गांवों को जोड़ने वाले मार्ग के दोनों किनारों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क किनारे फैली झाड़ियों के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, सामने से आने वाले वाहनों को रास्ता देने में भी दिक्कत होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क के दोनों ओर झाड़ियों का तेजी से फैलाव हुआ है।
कई स्थानों पर झाड़ियां सड़क तक पहुंच गई हैं। इससे पैदल राहगीरों के साथ बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
विशेषकर वाहनों के आमने-सामने आने पर निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।
यह मार्ग कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है।
इसके बावजूद सड़क किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई और कटाई-छंटाई पर जिम्मेदार विभाग का ध्यान नहीं जा रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द झाड़ियों को हटवाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग ग्रामीणों की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और सड़क किनारे फैली झाड़ियों को हटाने के लिए कब तक कार्रवाई करता है।