उरई।भारतीय जनता पार्टी द्वारा एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रेरणा स्रोत, जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को बुधवार को समर्पण दिवस के रूप में विधि महाविद्यालय, कोच रोड उरई में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झांसी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने की।
मुख्य अतिथि मुकेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक महान भारतीय राजनेता, विचारक और सामाजिक कार्यकर्ता थे।
उन्होंने भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी और अंत्योदय का सिद्धांत देकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि पंडित जी का सपना था कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग का समग्र विकास हो सके।
वक्ताओं ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को उत्तर प्रदेश के नागला गांव में हुआ था।
उन्होंने कानपुर और आगरा विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। वे एक प्रखर चिंतक एवं लेखक भी थे और भारतीय राजनीति में उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनकी पुण्यतिथि 11 फरवरी को श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाई जाती है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संतराम सेगर, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, नागेंद्र गुप्ता, संजीव उपाध्याय, रामलखन बाबा, बालकदाश पाल, शरद शर्मा, रविंद्र प्रताप, अग्निवेश चतुर्वेदी, विवेक कुशवाहा, पुष्पेंद्र सेगर, मनोज यादव, आकाश गहाई, अमित समाधियां सहित जिला पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी सैकड़ों की संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

