जालौन। लखनऊ से जालौन बस सेवा शुरू हुई। बस सेवा शुरू होने से यात्रियों ने हर्ष व्यक्त किया। लोगों को अब लखनऊ पहुंचने के लिए न तो बसों को बदलना पड़ेगा और न ही उनका अतिरिक्त समय खर्च होगा। वहीं, यात्रियों ने जालौन से झांसी तक बस सेवा शुरू कराने की मांग की है।


परिवहन विभाग के आरएम तुलाराम ने जानकारी देकर बताया कि नगर के लोगां की मांग थी कि जालौन से लखनऊ तक परिवहन विभाग की सीधी बस सेवा शुरू की जाए। क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को पूरा करते हुए जालौन से लखनऊ बस सेवा शुरू कर दी गई है। उन्नाव डिपो की बस सुबह 7 बजे जालौन से लखनऊ के लिए निकलेगी। यह बस उरई कानपुर होकर दोपहर 1 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से अपरान्ह 2 बजे उक्त बस जालौन के लिए निकलेगी। जो रात्रि लगभग 8 बजे जालौन पहुंचेगी। इसके अलावा नगर से होकर अन्य रूट के लिए भी बसें चलाई जाने की योजना है। शीघ्र ही अन्य रूटों पर चलाई जाने वाली बसों की शुरूआत की जाएगी। वहीं, नगर से होकर सीधे लखनऊ तक बस सेवा शुरू होने पर यात्रियों व व्यापारियों ने हर्ष व्यक्त किया है।