जालौन।बरसात के मौसम में गौवंशों की सुरक्षा और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार से वर्चुअल समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौवंशों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारियों, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौशाला नोडल अधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गौशालाओं में बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ की स्थिति नहीं बनने दी जाए। समय रहते जल निकासी, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि गौवंशों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं में चना, चोकर, खली, हरा चारा, भूसा तथा स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हर समय बनी रहनी चाहिए। साथ ही पशु चिकित्सकों द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं बीमार या घायल गौवंश का तत्काल उपचार कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान निजी पशुपालकों द्वारा छोड़े गए गोवंश अक्सर सड़कों पर घूमते रहते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे गोवंशों को तत्काल कैटल कैचर के माध्यम से पकड़कर निकटतम गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया जाए। जिन पशुपालकों द्वारा जानबूझकर अपने पशु खुले में छोड़े जाते हैं, उनके विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया जाए।
उन्होंने बताया कि झोलूपुर, कैथेरी, छिरिया, एट, बोहदपुरा, राहिया समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष सचल दल गठित किए गए हैं। ये दल कैटल कैचर के साथ लगातार भ्रमण कर निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाएंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इन दलों की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन गौशालाओं का अन्य गौशालाओं में विलय हो चुका है और जो वर्तमान में खाली हैं, वहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए, ताकि परिसरों का पर्यावरण संरक्षण के साथ जनहित में बेहतर उपयोग हो सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जालौन।

