उरई। जनपद जालौन के विकासखंड जालौन में नवनियुक्त खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रशांत दुबे ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विकासखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी प्रशांत दुबे ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करें। ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पंचायत विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान तथा अन्य विकास कार्यक्रमों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।खंड विकास अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। विकासखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनहितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकासखंड के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जिससे ग्रामीण विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और विकासखंड जालौन विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जालौन।
📲7526086812

