उरई।जनपद जालौन की चार ग्राम पंचायतों में वर्ष 2019-20 के ऑडिट के दौरान सामने आई 1.28 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उन्होंने जिला विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित पूर्व ग्राम प्रधानों तथा तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत सचिव के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने और सरकारी धन की भू-राजस्व की भांति वसूली सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
सहायक निदेशक एवं जिला लेखा परीक्षा अधिकारी (सहकारी समितियां एवं पंचायत), उरई द्वारा वर्ष 2019-20 की ऑडिट रिपोर्ट में विकास खंड नदीगांव की चार ग्राम पंचायतों—गंथरा, तीतरा खलीलपुर, धंजा और क्योलारी—में विकास कार्यों पर हुए व्यय में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच के दौरान कैशबुक, माप पुस्तिका, स्टॉक रजिस्टर, व्यय प्रमाणक और कार्यवाही रजिस्टर जैसे महत्वपूर्ण अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे खर्च की पुष्टि नहीं हो सकी।
ऑडिट में यह भी सामने आया कि कई मामलों में आवश्यक अभिलेख जानबूझकर प्रस्तुत नहीं किए गए और शासकीय धनराशि का मनमाने ढंग से व्यय किया गया।
ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार गंथरा ग्राम पंचायत में 13,05,477 रुपये, तीतरा खलीलपुर में 51,64,890 रुपये, धंजा में 19,03,570 रुपये तथा क्योलारी में 44,28,159 रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई। इस प्रकार चारों ग्राम पंचायतों में कुल 1,28,02,096 रुपये की अनियमितता दर्ज की गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित पूर्व ग्राम प्रधान रितुराज गुर्जर (गंथरा), महेंद्र सिंह (तीतरा खलीलपुर), जगत सिंह (धंजा), जनक दुलारी (क्योलारी) तथा तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत सचिव प्रशांत सुभाष दुबे के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ अनियमित धनराशि की 50-50 प्रतिशत के अनुपात में वसूली की जाएगी।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सरकारी धन के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों में प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए सरकारी धन का एक-एक रुपया दोषियों से वसूल किया जाए तथा भविष्य में ऐसी अनियमितता करने वालों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन।

