उरई (जालौन)। भारत सरकार एवं सीएससी एसपीवी के निर्देशानुसार जनपद जालौन सहित पूरे उत्तर प्रदेश में संचालित कॉमन सर्विस सेंटरों सीएससी पर “पीएम किसान उत्सव दिवस” का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसानों ने सीएससी केंद्रों पर एकत्र होकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी होने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा तथा माननीय प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के दौरान किसानों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं कृषि संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। सीएससी केंद्रों पर एलईडी स्क्रीन एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदर्शित किया गया, जिससे किसानों ने सीधे तौर पर सरकार की योजनाओं और कृषि क्षेत्र के विकास से जुड़े संदेशों को समझा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने के बाद बड़ी संख्या में पात्र किसानों ने अपने बैंक खातों में प्राप्त राशि की जानकारी प्राप्त की तथा डिजीपे (DigiPay) सेवा के माध्यम से सुरक्षित एवं त्वरित रूप से धनराशि की निकासी की। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय सेवाओं की उपयोगिता और प्रभावशीलता का प्रदर्शन हुआ तथा किसानों को बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने से राहत मिली।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला प्रबंधकों सौरभ याज्ञिक तथा आलोक पाल व ग्राम स्तरीय उद्यमियों वीएलई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सक्रिय सहभागिता एवं समन्वय के कारण सभी केंद्रों पर कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान किसानों के साथ समूह फोटो एवं अन्य गतिविधियों का दस्तावेजीकरण कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रिपोर्टिंग हेतु अपलोड किया गया। सीएससी एसपीवी उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय ने सभी जिला प्बं

धकों एवं वीएलई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण भारत में डिजिटल सेवाओं, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। “पीएम किसान उत्सव दिवस” का सफल आयोजन किसानों तक सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच तथा डिजिटल सेवा वितरण के प्रति सीएससी नेटवर्क की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ। स्थानीय समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने भी कार्यक्रम को प्रमुखता से कवरेज प्रदान किया।