उरई (जालौन)।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर जनपद जालौन में जन सेवा केंद्र (सीएससी) योगमय वातावरण में नजर आए।

जिले के 60 से अधिक जन सेवा केंद्रों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में 500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।योग दिवस की शुरुआत सुबह 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण से हुई। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद भारत सरकार के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।जनपद का मुख्य आयोजन कालपी के ऐतिहासिक बिहारी घाट पर आयोजित हुआ, जहां उप जिलाधिकारी अमित शेखर, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव, तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। योग प्रशिक्षक राजयोगिनी रजनी पाल ने उपस्थित लोगों को नियमित योग के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।जिले के सभी जन सेवा केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय स्तर पर व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रमों की डिजिटल रिपोर्टिंग के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई।सीएससी जालौन के जिला प्रबंधक सौरभ याज्ञनिक एवं आलोक पाल ने कहा कि जन सेवा केंद्र केवल डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े अभियानों को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। योग दिवस का यह आयोजन जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

📲7526086812