जालौन।नगर के सेठ वीरेंद्र कुमार विद्यालय में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपजिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह राही (आईएएस) ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और खुशमिजाज रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल भी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम रिंकू सिंह राही ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम क्षमताएं होती हैं। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और सही दिशा में आगे बढ़ाने की होती है।उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के साथ-साथ मानसिक रूप से प्रसन्न रहना भी जरूरी है, क्योंकि खुशहाल मन ही बेहतर निर्णय लेने और चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही व्यक्ति को उसके सपनों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने बच्चों से मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में समय देने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक प्रभावी मंच है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। समर कैंप में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। अंत में विद्यालय प्रशासन ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश

