उरई (जालौन)।एक ओर भीषण गर्मी लोगों का जीना मुहाल किए हुए है, वहीं दूसरी ओर आमजन की सुविधा के लिए लगाए गए शीतल जल वाटर कूलर बंद पड़े होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।नगर के जिला परिषद से बघौरा रोड मोड़ पर स्थापित शीतल जल वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे राहगीरों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।यह मार्ग नगर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में गिना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में गर्मी के मौसम में ठंडे पेयजल की व्यवस्था न होना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कई राहगीर पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते दिखाई देते हैं, लेकिन बंद पड़े वाटर कूलर के कारण उन्हें कोई राहत नहीं मिलती।स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए वाटर कूलर की स्थापना तो कर दी गई थी, लेकिन उसके रखरखाव और नियमित संचालन पर ध्यान नहीं दिया गया।नतीजतन लाखों रुपये की लागत से स्थापित यह सुविधा आज केवल शोपीस बनकर रह गई है।

क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए शीतल जल वाटर कूलर को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि भीषण गर्मी में राहगीरों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके और उन्हें राहत मिल सके।

 

रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन।