उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डकोर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिलीवरी व्यवस्था, पैथोलॉजी जांच, दवा वितरण, टीकाकरण एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति परखी और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिलने वाली जांच एवं दवा सुविधाओं पर संतोष जताया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने एएनएम से बातचीत करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, टीकाकरण एवं आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिल सके।
डीएम ने अस्पताल की लैब का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में जांच सुविधाएं बेहतर हुई हैं, जिससे लोगों को बाहर भटकना नहीं पड़ता। लैब में सभी जरूरी जांचें संचालित मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा जांच सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए तत्काल दो एसी लगाए जाने की स्वीकृति दी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल में दो फार्मासिस्टों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दवा वितरण व्यवस्था और अधिक सुचारु बनाई जा सके।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि गांवों में रहने वाले लोगों को भी शहरों जैसी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

