बरेली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत जिला ग्राम्य विकास संस्थान भोजीपुरा, बरेली में आयोजित 5 दिवसीय आवासीय “आजीविका सखी” प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय दिवस पर माननीय विधान परिषद सदस्य बाहोंरन लाल मौर्य का आगमन हुआ। उनके आगमन पर प्रशिक्षणार्थियों एवं अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर माननीय सदस्य ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास में समूह आधारित गतिविधियों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को समूह से जुड़कर स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी श्री सुनील कुमार वर्मा, डीआरपी तिलक मौर्य, सुनीता सिंह एवं राजेश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जनपद के चार विकास खंडों से आई कुल 81 दीदियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आजीविका संवर्धन, समूह संचालन, वित्तीय प्रबंधन एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

