उरई/जालौन। जनपद में अवैध मिट्टी एवं मौरंग खनन तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात “सर्जिकल स्ट्राइक” अभियान चलाया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के निर्देशन में हुई इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 13 वाहनों को सीज कर विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया गया।
जानकारी के अनुसार हाल ही में तैनात उपजिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह को प्रतापपुरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही उन्होंने देर रात मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त 5 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी मशीन पकड़ी गई। सभी वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कोतवाली जालौन में निरुद्ध कराया गया।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, खनिज विभाग के उमेश कुमार तथा पुलिस टीम मौजूद रही।
इसी क्रम में कालपी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और पुलिस उपाधीक्षक अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मौरंग से लदे 6 ओवरलोड ट्रक और गिट्टी से भरा 1 ट्रक पकड़ा गया। सभी वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध कर आगे की कार्रवाई की गई।
रात्रि से लेकर सुबह तक चले इस विशेष अभियान में परिवहन विभाग, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सक्रिय रही। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के अनुसार इस कार्रवाई से परिवहन विभाग को करीब 9 लाख रुपये से अधिक प्रशमन शुल्क प्राप्त होने की संभावना है, जबकि खनिज विभाग को लगभग 10 लाख रुपये का राजस्व मिलेगा। इसके अलावा वाणिज्य कर विभाग को भी बड़े पैमाने पर राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

