उरई(जालौन)।राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में हाल ही में जोल्हूपुर के पास हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि चालक को नींद आने के कारण बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने दुर्घटना के ऑडिट के लिए एसडीएम, सीओ, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी एवं एनएचएआई अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से 24 घंटे सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए। साथ ही थके हुए वाहन चालकों को रेस्ट एरिया में विश्राम करने के लिए प्रेरित करने को कहा। परिवहन विभाग को वाहन चालकों एवं परिचालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और दक्षता परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में हाईवे किनारे अवैध पार्किंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा स्कूल वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराने तथा शहर में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाकर व्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन।

