जालौन।जालौन जनपद के विकास और भूतपूर्व सैनिकों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उरई विधानसभा से विधायक गौरी शंकर वर्मा ने नई दिल्ली स्थित आवास पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से महत्वपूर्ण मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को विस्तार से उठाया।मुलाकात के दौरान विधायक वर्मा ने विशेष रूप से उरई नगर में संचालित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह पॉलीक्लिनिक एक छोटे किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जिससे लगभग 10,000 भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को समुचित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री से मांग की कि उरई में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए डिफेंस लैंड आवंटित कर स्थायी और आधुनिक सुविधा विकसित की जाए।

इसके साथ ही विधायक ने जालौन में ‘स्पर्श सेल’ की स्थापना की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि पेंशन और अन्य वित्तीय कार्यों के लिए पूर्व सैनिकों को झांसी तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उरई में स्पर्श सेल स्थापित होने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। साथ ही, उन्होंने बंद पड़ी सैन्य कैंटीन को पुनः शुरू कराने का भी अनुरोध किया।

शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए विधायक वर्मा ने जालौन में मिलिट्री स्कूल की स्थापना पर जोर देते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के कई युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहते हैं, लेकिन उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में वे पीछे रह जाते हैं।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के आसपास प्रस्तावित स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) के अंतर्गत जालौन को भी शामिल किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मुलाकात से जालौन के भूतपूर्व सैनिकों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है।

रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन।