जालौन।जालौन में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की मासिक बैठक सोमवार को गल्ला मंडी सभागार जालौन में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान किसानों ने निजी नलकूपों के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने, जल निकासी की समस्या, फसलों के उचित मूल्य और सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़ी परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की। किसानों ने बताया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे फसल उत्पादन पर असर पड़ रहा है।
बैठक के उपरांत तहसील अध्यक्ष देवसिंह पटेल के नेतृत्व में किसान तहसील पहुंचे और एसडीएम हेमंत पटेल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने निजी नलकूपों के लिए कम से कम 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा ग्राम गायर मौजा में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, मूंग की फसल को खसरा में दर्ज करने तथा क्षेत्र में सरकारी दलहन क्रय केंद्र खोलने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
किसानों ने प्रशासन से शीघ्र समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान रामपाल सिंह सेंगर, धर्मेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, धनीराम, राजकुमार तिवारी, योगेंद्र सिंह, मानवेंद्र सिंह, भगवानदास राठौर, सोमेश कुमार, चेतन कुमार, संदीप कुमार, संतोष कुमार, दयाराम, विवेक पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

रिपोर्ट-अमित कुमार जालौन।