जालौन।तहसील जालौन में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जनसेवा, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का प्रभावी मंच बनकर सामने आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।इस दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता उस समय देखने को मिली, जब लगभग 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला कामना देवी ने राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को निर्देशित कर उनका राशन कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्रों तक पहुंचाया गया। 70 वर्ष से अधिक आयु के 18 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, वहीं 2 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही निःक्षय मित्रों द्वारा 5 क्षयरोगियों को पुष्टाहार पोटली वितरित की गई, जिससे उनके स्वास्थ्य सुधार में सहायता मिलेगी।
तहसील परिसर में इस अवसर पर दिव्यांग प्रमाण पत्र, आयुष्मान आरोग्य योजना और निक्षय मित्र के तहत पोषण पोटली वितरण के लिए विशेष कैम्प भी लगाए गए, जिनका आम नागरिकों ने लाभ उठाया।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल, उप जिलाधिकारी न्यायिक विशेश्वर यादव, सीओ शैलेन्द्र बाजपेयी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिससे आमजन में विश्वास मजबूत हुआ।

