उरई (जालौन)। विकास खंड जालौन के ग्राम पहाड़पुरा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम उस समय प्रभावशाली जनसंवाद का मंच बन गया, जब उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी एवं सचिव (कृषि विभाग) श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों को विस्तार से दी और उनके क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए नोडल अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही स्थलीय सत्यापन कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की।सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पौष्टिक आहार वितरित किया। इस पहल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को रेखांकित किया।

नोडल अधिकारी ने कहा कि सरकार जन्म से लेकर बुजुर्ग अवस्था तक नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए इनके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

किसानों के हितों पर जोर देते हुए उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बताते हुए अपील की कि सभी किसान शीघ्र पंजीकरण कराएं, ताकि गेहूं खरीद सहित अन्य योजनाओं का लाभ सीधे मिल सके। साथ ही जल संरक्षण पर बल देते हुए कम पानी वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी।

ग्राम विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायतों के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है, आवश्यकता केवल जनसहभागिता और योजनाबद्ध कार्य की है। यदि ग्रामीण एकजुट होकर प्रयास करें तो गांव का समग्र विकास संभव है।

जन चौपाल के दौरान एक ग्रामीण द्वारा कृषि फीडर पर बिजली आपूर्ति कम होने की शिकायत पर तत्काल जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि निर्धारित 10 घंटे की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है, जिससे शिकायत निराधार पाई गई। इससे प्रशासन की निष्पक्ष कार्यशैली स्पष्ट हुई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।