उरई (जालौन):अंबेडकर जयंती के अवसर पर जनपद जालौन में इस बार व्यापक स्तर पर ‘डॉ. अम्बेडकर सम्मान यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा जिले के विभिन्न तहसील मुख्यालयों और गांवों तक पहुंचकर बाबा साहब के विचारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।बुंदेलखंड दलित अधिकार मंच एवं दलित डिग्निटी एंड जस्टिस सेंटर द्वारा अप्रैल माह को ‘अम्बेडकर माह (दलित हिस्ट्री मंथ)’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 1 अप्रैल से जिले के 135 से अधिक गांवों में ‘डॉ. अम्बेडकर जयंती – दलित सम्मान व न्याय सभा’ का आयोजन लगातार किया जा रहा है।आयोजकों के अनुसार, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के दिन सुबह सभी कार्यकर्ता उरई स्थित अंबेडकर चौराहे पर एकत्रित होंगे। यहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इसके पश्चात 14 सदस्यीय टीम लीडरों के नेतृत्व में ‘डॉ. अम्बेडकर सम्मान यात्रा’ का शुभारंभ होगा।यह यात्रा उरई जिला मुख्यालय से शुरू होकर क्रमशः उरई, कोंच, जालौन, माधौगढ़ होते हुए कालपी तक पहुंचेगी। प्रत्येक तहसील मुख्यालय एवं प्रमुख स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा और वहां जुलूस व सभा के रूप में अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी।
Lयात्रा के संचालन की जिम्मेदारी विभिन्न तहसील समन्वयकों को सौंपी गई है। इनमें उरई से प्रदीप कुमार, कोंच से सनेशराजा व रमेशचंद्र,जालौन से उषा देवी व देवेन्द्र अनिल, माधौगढ़ से सचिन चौधरी तथा कालपी से अनीता व सुरेन्द्र प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा एड. निकहत प्रवीन, मधु अनुरागी, एड. अजय सिंह, एड.किरन मेहरा,अनुराधा बौद्ध,मणि प्रजापति, आयुष कुमार,प्रदुम्न,अनुज यादव व प्रदीप यादव सहित कई कार्यकर्ता यात्रा का नेतृत्व करेंगे।आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस सम्मान यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

