उरई (जालौन)। जनपद जालौन के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शिक्षा जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। झांसी स्थित बुंदेलखंड महाविद्यालय में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में जालौन के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में बुंदेलखंड विधि महाविद्यालय, उरई की टीम ने बेहतरीन विधिक समझ और प्रभावशाली पैरवी का प्रदर्शन किया। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता के रूप में प्रतिभाग कर रहे उत्कर्ष श्रीवास्तव और अनुष्का तिवारी ने सशक्त तर्कों के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं अभियोजन पक्ष से भार्गवी गुप्ता और तस्कीन फातिमा की टीम ने भी प्रभावी प्रस्तुति और मजबूत पक्ष रखते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना निर्णायक मंडल द्वारा भी की गई।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह राजपूत एवं देवेंद्र सक्सेना छात्रों को झांसी लेकर गए तथा पूरे समय उनका मार्गदर्शन करते रहे।

महाविद्यालय के प्रबंधक शरद कुमार शर्मा सहित समस्त स्टाफ एवं कॉलेज परिवार ने विजयी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जालौन जनपद के लिए गर्व का विषय है, और आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।