उरई (जालौन)।भारतीय जनता पार्टी के अनुसांगिक संगठन भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ ने जनपद में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। ग्राम महतवानी निवासी वैभव तिवारी को जिलाध्यक्ष तथा सक्रिय कार्यकर्ता एवं पत्रकार नवीन कुशवाहा को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन नियुक्तियों के बाद जिले में संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह बधाई का दौर चला और नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।
बताया जाता है कि वैभव तिवारी लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित रहे हैं और सामाजिक व जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। उनकी कार्यशैली, निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष वैभव तिवारी ने कहा कि वे संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए ईमानदारी और लगन से प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में जनपद में उसकी पकड़ और मज़बूत होगी।

