बुंदेलखंड के छात्रों के लिए नई उम्मीद: उरई में जीए
जनपद जालौन के उरई में जीएस कैरियर कोचिंग का भव्य शुभारम्भ किया गया है, जो खासतौर पर गरीब और कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
उरई शहर के स्टेशन रोड पर रविवार को इस कोचिंग संस्थान की शुरुआत सादगीपूर्ण लेकिन सांस्कृतिक तरीके से की गई। आधुनिक परंपरा के तहत फीता काटने के बजाय हवन-पूजन कर संस्थान का उद्घाटन किया गया, जिससे भारतीय संस्कृति की झलक साफ तौर पर देखने को मिली।
संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर जीएस जादौन ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र में शिक्षा धीरे-धीरे व्यवसाय का रूप लेती जा रही है, जिसके चलते आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पाती। इसी सोच को बदलने और शिक्षा को सही मायनों में सुलभ बनाने के लिए इस संस्थान की नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि यहां ऐसे होनहार और जरूरतमंद छात्रों को पूरी तरह निशुल्क शिक्षा दी जाएगी, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं।
संस्थान में आईआईटी-जेईई, नीट यूजी और फाउंडेशन बैच की विशेष तैयारी कराई जाएगी। जीएस जादौन ने यह भी बताया कि इससे पहले उन्होंने अपने घर से ही एक छोटे स्तर पर छात्रों को तैयार किया था, जिसमें चार छात्रों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कर दी है।
ऐसे में जीएस कैरियर कोचिंग बुंदेलखंड के छात्रों के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरा है और क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट –जनपद जालौन से Soni News के लिए अमित कुमार

