जालौन।राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के अवसर पर विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।इस दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद की टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। साथ ही 25 टीबी रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उनके स्वास्थ्य सुधार में सहयोग प्रदान किया गया।मुख्य अतिथि विनोद चतुर्वेदी ने ग्राम प्रधानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी मुक्त अभियान को जनआंदोलन का रूप दें और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” की भावना के साथ कार्य करना हम सभी की जिम्मेदारी है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद में सीबी-नेट एवं ट्रू-नेट मशीनों सहित आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनसे टीबी की सटीक जांच की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में जनपद की 56 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जिनमें 3 को गोल्ड, 7 को सिल्वर तथा 46 ग्राम पंचायतों को कांस्य पदक मिला।इस अवसर पर 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत भी की गई। अभियान के तहत जनपद की लगभग 3.15 लाख उच्च जोखिम वाली आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसमें एक्स-रे एवं संदिग्ध मरीजों की NAAT मशीन से जांच सुनिश्चित की जाएगी।अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन में कमी या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। समय पर पहचान और पूरा इलाज ही टीबी उन्मूलन का सबसे प्रभावी उपाय है।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, एसीएमओ, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।