उरई (जालौन)। विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी कुमदेंद्र कलाकर सिंह ने मंगलवार को विकास खंड जालौन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवास से जुड़े कर्मचारी के अपने पटल पर अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण और मिनी सचिवालय से संबंधित कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि मार्च जैसे अहम समय में लाभार्थियों को भटकाना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगा और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने जियो-टैगिंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने रखीं। बीडीओ अरुण कुमार ने मौके पर ही लोगों से बातचीत कर समस्याएं सुनीं, जिसमें कई लोगों ने योजना का लाभ न मिलने की बात कही। इस पर सीडीओ ने निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।सारंगपुर निवासी एक लाभार्थी द्वारा आवास की राशि न मिलने की शिकायत पर सीडीओ ने संबंधित कर्मचारी को तुरंत भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर भुगतान न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना से वंचित न रखा जाए और लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट -अमित कुमार उरई jnpja

