उरई (जालौन)। बहुजन समाज पार्टी द्वारा उरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरगाँव में सेक्टर/बूथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया। “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के सिद्धांत को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस बैठक में पार्टी की भावी रणनीतियों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झांसी-चित्रकूट मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार, झांसी मुख्य मंडल प्रभारी ब्रजेश जाटव, मंडल प्रभारी मो. इकलाख राईन तथा बसपा जिलाध्यक्ष एवं उरई विधानसभा अध्यक्ष वीरपाल चौधरी ‘बब्लू’ मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता का आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।वक्ताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने में बूथ स्तर की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर जनसंपर्क बढ़ाना चाहिए और पार्टी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना चाहिए।बैठक में उपस्थित सेक्टर व बूथ कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ संकल्प लिया कि वे पार्टी नेतृत्व को मजबूत करने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।