जालौन। जनपद जालौन के ग्राम गायर में जय माँ दुर्गा रामलीला समिति द्वारा आयोजित पारंपरिक रामलीला का मंचन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है।
रामलीला के दूसरे दिन ताड़का वध की लीला का कलाकारों ने अत्यंत सजीव और प्रभावशाली मंचन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ताड़का वध प्रसंग में कलाकारों के दमदार अभिनय, संवाद अदायगी और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
भगवान श्रीराम द्वारा ताड़का का वध किए जाने का दृश्य बेहद प्रभावशाली रहा, जिस पर दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
समिति द्वारा जानकारी दी गई है कि 13 फरवरी, शुक्रवार को धनुष यज्ञ एवं परशुराम-लक्ष्मण संवाद जैसी भव्य लीलाओं का मंचन किया जाएगा,
जो रामलीला के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
इन प्रसंगों को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
रामलीला का यह आयोजन 20 फरवरी तक निरंतर चलेगा। समिति ने आसपास के गांवों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्ममय वातावरण में आयोजित रामलीला का आनंद लेने की अपील की है।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

