जालौन। ऑल इंडिया इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के आवाहन पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की जालौन शाखा में एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के तहत पूर्ण तालाबंदी रही। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की श्रम संहिताओं, सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा उद्योग को कमजोर करने के प्रयासों, पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा एलआईसी में क्लास-3 एवं क्लास-4 पदों पर तत्काल भर्ती की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
शाखा कार्यालय के गेट पर कर्मचारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। इस दौरान कानपुर डिवीजन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन यूनिट जालौन के अध्यक्ष सुशील कुशवाहा ने कहा कि नई श्रम नीतियां श्रमिक हितों के प्रतिकूल हैं और सार्वजनिक उपक्रमों को निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संगठन इन नीतियों का विरोध जारी रखेगा।
यूनिट सचिव अफसार अहमद ने कहा कि एलआईसी जैसे सार्वजनिक उपक्रमों ने वर्षों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने आउटसोर्सिंग बंद करने और रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की मांग दोहराई। वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और सार्वजनिक संस्थानों के निजीकरण जैसे मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए। प्रदर्शन में सुशील कुशवाहा, अफसार अहमद, मुकेश कुमार, किशन कुमार, देवेंद्र सिंह, मुरारी, अमित, राम कुमार, गजेंद्र, शेखर, इमरान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

