उरई।शहर को जाम की गंभीर समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने रविवार को नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को तत्काल नोटिस जारी कर निर्धारित सीमा में ही व्यापार करने के लिए बाध्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकान के सामने ठेला या खुमचा नहीं लगेगा, जिससे पैदल यात्रियों को परेशानी न हो।
डीएम ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि सड़क किनारे लगे प्रचार होर्डिंग्स को पीछे शिफ्ट कराया जाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को अंबेडकर चौराहे से शहीद भगत सिंह चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।
ठेला व फल विक्रेताओं के कारण हो रहे अवरोध को समाप्त करने के लिए वेंडिंग जोन चिन्हित कर सभी विक्रेताओं को वहां व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। यातायात सुधार के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी एवं नगर पालिका को संयुक्त रूप से नियमित पेट्रोलिंग कराने के निर्देश देते हुए रॉन्ग साइड वाहन संचालन पर सख्ती के निर्देश दिए।
उन्होंने हेलमेट के शत-प्रतिशत अनुपालन पर जोर देते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सड़कों पर बालू, गिट्टी, ईंट आदि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। प्रमुख चौराहों पर यातायात संकेतक, बैरिकेडिंग एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ सिटी अर्चना सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -अमित कुमार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

