उरई(जालौन)।बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह (सितम्बर 2023) के अन्तर्गत कलैक्ट्र परिसर से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने हरी झण्डी दिखाकर विशाल ’’पोषण रैली’’ को रवाना किया।
जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा कुपोषण मुक्त जनपद जालौन तथा पोषण जागरुकता सम्बन्धी नारे लगाते हुये पोषण रैली अम्बेडकर चौराहा तक निकाली गयी।
दिनांक 01 सितम्बर से 30 सितम्बर 2023 तक पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें जनपद के सभी 1815 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर प्रतिदिन पोषण सम्बन्धी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

पोषण माह के दौरान समग्र रुप से व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान करने वाली माताओं और 06 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में पोषण स्तर में सुधार लाने हेतु जन भागीदारी के माध्यम से जागरुकता लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस वर्ष पोषण माह की थीम ’’सुपोषित भारत, साक्षर भारत व सशक्त भारत’’ है।
पोषण रैली में भीमजी उपाध्याय मुख्य विकास अधिकारी, संजय कुमार अपर जिलाधिकारी(वि०/रा०), आशुतोष चतुर्वेदी वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सौरभ पाण्डेय उपजिलाधिकारी, शिवाकान्त द्विवेदी परियोजना निदेशक, अमरेन्द्र पौत्स्यायन जिला प्रोबेशन अधिकारी, इफ्तेखार अहमद जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि मौजूद रहे।

रिपोर्ट-अमित कुमार उरई जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।