सकारात्मकता, ईमानदारी और पारदर्शिता से किए गये कार्यों का सम्मान समाज में हमेशा से होता रहा है। अनाज बैंक निदेशक डॉ अमिता सिंह सामाजिक क्षेत्र में एक जाना पहचाना नाम है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में देश के प्रमुख ट्रस्ट उदगम द्वारा आयोजित उषा पर्व कार्यक्रम में अनाज बैंक निदेशक डॉ अमिता सिंह का सम्मान किया गया। गुजरात विश्वविद्यालय, अहमदाबाद के सीनेट हाॅल में आयोजित तेरहवें वीमेंस अचीवर्स अवार्ड में डॉ अमिता सिंह को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने और अनाज बैंक द्वारा गरीब महिलाओं को खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसे प्रशंसनीय कार्यों के लिए भारत सरकार के केंद्रीय संचार राज्यमंत्री देवूसिंह चौहान, ब्रिटिश उच्चायोग के उप-उच्चायुक्त पीटर कुक और गुजरात विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर हिमांशु पाण्ड्या द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संस्था के बारे में और अपने कार्य के बारे में बताते हुए डॉ अमिता सिंह ने कहा कि पारम्परिक शिक्षा दीक्षा और संस्कारों के कारण बचपन से ही वे सामाजिक क्षेत्र में अनेक प्रकार के कार्य करती नहीं हैं। इसी दौरान अनाज बैंक की संकल्पना ने उन्हें प्रभावित किया, जिसके चलते उन्होंने बुंदेलखंड में भूख के विरुद्ध एक लड़ाई शुरू की। अनाज बैंक के उद्देश्य कि कोई भूखा ना सोए को लेकर वे लगातार सक्रियता से कार्य कर रही हैं। आज उनका यह सम्मान उन समस्त सहयोगियों का सम्मान है जो किसी ना किसी रूप में अनाज बैंक के साथ मिलकर गरीब और मजबूर महिलाओं के उत्थान हेतु कार्य कर रहे हैं।

आपको अवगत है कि अनाज बैंक बुंदेलखंड का क्षेत्रीय कार्यालय उरई में डॉ अमिता सिंह के प्रयासों से वर्ष 2017 में आरंभ किया गया था। अनाज बैंक द्वारा महिलाओं को प्रतिमाह पाँच किलोग्राम आटा या अनाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनको वस्त्र भोजन दवा इत्यादि भी प्रदान की जाती हैं। अनाज बैंक की खाताधारक लाभार्थी महिलाओं को परिवार का सदस्य मानते हुए उनके साथ त्योहार, पर्व, आयोजन आदि को भी मनाया जाता है। अमिता सिंह के निर्देशन में अनाज बैंक ने प्रतिमा नियमित रूप से होने वाले वितरण के अतिरिक्त महिलाओं को शिक्षा आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में भी कार्य किया है। इसके साथ-साथ समय-समय पर आने वाली प्राकृतिक आपदाओं, कोरोनाकाल में लगाए गए लॉकडाउन में आवश्यकतानुसार संबंधित नागरिकों तक भोजन, दवाएँ, वस्त्र आदि भी पहुंचाए गए। इस सम्मान कार्यक्रम में उनके साथ प्रमुख सामाजिक व्यक्तित्व दिव्या गुप्ता और कुमारेंद्र सिंह सेंगर भी उपस्थित रहे।