जालौन। खाद, बीज और कीटनाशक व्यापरियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी सरकार को जीएसटी, इनकम टैक्स आदि देने के बाद भी प्रताड़ित होता है। इस स्थिति को बदला जाएगा। यह बात एग्रो इनपुट डीलर्स ऐसोशिएशन की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अतुल त्रिपाठी ने कही।
स्थानीय गेस्ट हाउस में एग्रो इनपुट डीलर्स एसोशिएशन के तत्वावधान में खाद, बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष अतुल त्रिपाठी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि व्यापारी समाज का एक अभिन्न अंग है। व्यापारी किसी को उत्पीड़ित नहीं करता है बल्कि स्वयं उसका उत्पीड़न होता है। इस स्थिति को बदलना होगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख एवं व्यवसायी रामराज निरंजन ने कहा कि कानून में कुछ धराएं ऐसी हैं जो व्यापारियों के खिलाफ हैं। इन्हें खत्म किया जाना चाहिए। बल्कि व्यापार बढ़ाने के लिए सहूलियत दी जानी चाहिए। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ ने कहा कि व्यापारी जीएसटी और इनकम टैक्स सरकार को देता है। तो सामाजिक कार्यों में भी दिल खोलकर खर्च करता है। ऐसे में व्यापारियों का कानूनन उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, दिलीप सेठ, मनुराज तिवारी, सचिव महेंद्र पटेल, महामंत्री केपी सिंह, मनोज शुक्ला, विनय गुप्ता, अनूप महंत, परवेंद्र तोमर, मनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।