माधौगढ(जालौन)।बाढ़ की भयावह स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने भरसक कदम उठाए। अब क्षेत्रीय विधायक ने भी कुसेपुरा गांव पहुंचकर आधा सैकड़ा लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। राहत सामग्री में दैनिक जरूरत की चीजें सब्जी,मसाले,आटा से लेकर तेल तक की व्यवस्था की गई थी। हालांकि बाढ़ का पानी काफी कम होने से कुसेपुरा तक गाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिससे राहत सामग्री पहुंचाने में आसानी हो रही है। वहीं आवागमन शुरू हो जाने से अन्य जरूरतें भी पूरी होने लगी है लेकिन बाढ़ के नुकसान से पीड़ितों का मन खराब है। फौरी तौर पर खाने-पीने वाली राहत सामग्री पीड़ितों को उपलब्ध कराई गई है। उसके बाद नुकसान का आकलन कर उसके मुआवजे दिलाने का प्रयास होगा। बाढ़ की विभीषिका के बाद गांव में दूषित पानी और संक्रमण फैलने की आशंका जरूर बढ़ गई है। हैडपंपों से गंदा पानी निकल रहा है। जिसे पीने के बाद निश्चित तौर पर लोग बीमार पड़ सकते हैं। इसके अलावा बाढ़ ने कई लोगों के घरों को नुकसान पहुंचाया है। जिससे उनका दर्द उभर कर सामने आ रहा है। क्षेत्रीय विधायक मूलचंद निरंजन ने एसडीएम मनोज सागर के साथ में आज राहत सामग्री तो बांटी लेकिन कुछ लोग असंतुष्ट नजर आए। वहीं क्षेत्र के विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि योगी सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए हर संभव मदद का प्रयास करेगी। राहत सामग्री को हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराया जाएगा।

रिपोर्ट-अमित कुमार क्राइम रिपोर्टर जनपद जालौन