उरई।मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में उरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मडोरा में निर्माणाधीन पंचायत उत्सव भवन का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि पंचायत उत्सव भवन का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विवाह, मुंडन सहित अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुलभ और किफायती स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन के विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का जायजा लिया और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत उत्सव भवन ग्रामीण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण जनोपयोगी परियोजना है। इसके निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश देते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्ट -amit

