उरई (जालौन)।भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच शुक्रवार को उरई नगर के मोहल्ला बघौरा में समाजसेवियों द्वारा शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित कर मानव सेवा की मिसाल पेश की गई।

कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, मजदूरों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को ठंडा एवं शीतल शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
इस सेवा कार्य की लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
दोपहर की तेज धूप में जब तापमान लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था, तब समाजसेवियों ने स्वयं सड़क पर खड़े होकर राहगीरों को शरबत वितरित किया।
शरबत पीने के बाद लोगों ने राहत महसूस की और इस जनसेवा के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मौजूद समाजसेवियों ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में प्यासे और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, अनावश्यक रूप से दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने तथा लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।
साथ ही जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पानी का सदुपयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
शरबत वितरण कार्यक्रम में अनिल दिवाकर, अनुप कुमार, महेंद्र दिवाकर, प्रिंस कुमार, जितेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार (अध्यापक), मनीष कुमार (जे.ई.), काशीराम, अवधेश सहित अनेक समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया।
सभी ने स्वयं लोगों को शरबत वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान इस प्रकार के सेवा कार्य न केवल राहगीरों को तत्काल राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में परोपकार, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करते हैं।
लोगों ने ऐसे जनहितकारी आयोजनों को समय-समय पर जारी रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

रिपोर्ट-अमित कुमार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।