उरई।जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना रॉयल्टी खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कानून व्यवस्था एवं जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शिकायतों पर तत्काल जांच कर प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि खनन पट्टा क्षेत्रों की निगरानी अब ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समितियों को स्रोत स्थल पर पहुंचकर अवैध खनन और परिवहन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि ओवरलोडिंग, बिना रॉयल्टी एवं एनआर वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई वाहन तीन बार अवैध गतिविधियों में पकड़ा जाता है तो उसे ब्लैकलिस्ट कर सीज एवं स्क्रैप कराने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी अकेले चेकिंग नहीं करेगा। सभी कार्रवाई टास्क फोर्स समिति द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी ताकि पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।
अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले पट्टा धारकों के खिलाफ पट्टा निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।
तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और एडीएम नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य को जनपद प्रभारी नामित किया गया है।
बैठक मे कालपी स्थित यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जाम की स्थिति न बनने पाए और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट-अमित कुमार उरई जनपद जालौन।