उरई (जालौन)।होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज तथा गांधी इंटर कॉलेज का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की गहन जांच की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छाया, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग तथा सीसीटीवी निगरानी के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता, ईमानदारी और समयबद्धता से करें, जिससे परीक्षा जनपद में निष्पक्ष एवं आदर्श रूप से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट-अमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

