जालौन। आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद की विभिन्न तहसीलों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कई प्रतिष्ठानों से खोया एवं मिश्रित दूध के नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, उ0प्र0 के निर्देश एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) जालौन डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम त्योहारों के मद्देनजर सक्रिय है। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जालौन तहसील के ग्राम टिकरी स्थित रामदत्त मिश्रा की खोया भट्टी से खोया का नमूना संग्रहित किया। साथ ही श्याम हरि की भट्टी से भी खोया का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक भी किया गया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा होली पर्व तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार एवं महेश प्रसाद सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।
रिपोर्टअमित कुमार पत्रकार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

