एनआरएलएम बीसी सखी कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद जालौन में कार्यरत 400 से अधिक बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट सखी (बीसी सखी) को भी अब आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चयनित किया गया है। अभी तक सूचीबद्ध चिकित्सालय में आयुष्मान मित्र के साथ-साथ सभी पंचायत सचिवालय में पंचायत सहायक एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ, एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी के द्वारा ही चिन्हित लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे थे। अब बीसी सखी भी इस जनहितकारी योजना में इसका हिस्सा बनेंगी और पात्रों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें नि:शुल्क उपचार की सुविधा सूचीबद्ध चिकित्सालय में दिलवाने में सहयोग करेंगी।
यह जानकारी देते हुए आयुष्मान योजना कार्यक्रम प्रभारी डॉ आशीष ने बताया कि जनपद के सभी बीसी सखी का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ऑपरेटर आईडी बनाने का कार्य पिछले एक सप्ताह से सीएमओ कार्यालय और सभी सीएचसी में चलाया जा रहा है। जिसके माध्यम से वे आसानी से आयुष्मान ऐप पर लॉगिन करके पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। आयुष्मान ऐप से लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पुनः सोमवार को अपराह्न 1:00 से प्रशिक्षण कार्यशाला भी आयोजित किया जा रहा है। जिसमें सभी बीसी सखी को उनके ग्राम पंचायत से संबंधित अवशेष पात्र लाभार्थियों की सूची भी दी जाएगी।

कार्यक्रम प्रभारी डॉ आशीष ने बताया कि जनपद में 90 दिनों का विशेष अभियान 15 जनवरी से 15 अप्रैल 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसमें अवशेष 2.49 लाख लाभार्थियों को संतृप्त किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 91 हजार लाभार्थी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी 6 सदस्य वाले राशन कार्ड धारक परिवार के सदस्य हैं। सभी पूर्ति निरीक्षकों को उनके संबंधित क्षेत्र के अवशेष लाभार्थियों की सूची जिला पूर्ति अधिकारी के द्वारा दे दी गई है। एवं उन्हें निर्देशित किया गया है कि राशन वितरण के पूर्व सभी अवशेष लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड इस विशेष अभियान में कोटेदारों के माध्यम से अवश्य बनाया जाए, जिससे आवश्यकता अनुसार इलाज की सुविधा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से सूचीबद्ध प्राइवेट एवं सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क प्राप्त हो सके।
मुख्य बिंदु
1. वर्तमान में जिले में 400 से ज्यादा बीसी सखी है कार्यरत।
2. आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ऑपरेटर आईडी भी बनाया जाएगा।
3. आयुष्मान ऐप से कार्ड बनाने के लिए सोमवार को सभी ब्लॉक में प्रशिक्षण कार्यशाला।
4. 2.49 लाख लाभार्थियों को संतृप्त करने का है लक्ष्य।
5. आयुष्मान मित्र, सीएचओ और पंचायत सहायक के बाद बीसी सखी को भी दिया गया है यह कार्य।


