कोंच (जालौन)। भारतीय वाल्मीकि कल्याण महा सभा ने गुरुवार को तहसील क्षेत्र स्थित सरोजिनी नायडू पार्क में अपने संगठन का 9वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर केक काटकर संगठन के नौ वर्ष पूरे होने की खुशियाँ साझा की गईं तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर उत्सव मनाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महा सभा के मंडल उपाध्यक्ष दीपू पेंटर ने कहा कि संगठन निरंतर बाल्मीकि समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के विचारों और शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज को संगठित रहकर अपने अधिकारों और कल्याण से जुड़े सामाजिक व राजनीतिक विषयों पर मजबूती से आवाज उठानी चाहिए।

दीपू पेंटर ने शिक्षा को समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव बताते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है, क्योंकि शिक्षा से ही जागरूक, सक्षम और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र आगवान, जिला उपाध्यक्ष राजू बग्गन, जिला महासचिव अमर सिंह, नगर अध्यक्ष रामबाबू नाहर, नगर उपाध्यक्ष भीमू मेंहोलिया, नीरज बाल्मीकि, शिवा नाहर, नगर महासचिव विशाल करोसिया, नगर सचिव नरेश नरया, नगर महामंत्री कपिल करोसिया, आशीष बाल्मीकि, संगठन मंत्री अवध किशोर, बुद्ध सिंह बाल्मीकि, अजय आगवान, नैतिक आगवान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट -अमित कुमार उरई जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।