उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जालौन के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने जिला अध्यक्ष विद्यासागर मिश्र एवं जिला मंत्री नरेश निरंजन के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने जनपद में बिना विकल्प पत्र भराए गए नियमविरुद्ध समायोजनों को तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि समायोजन प्रक्रिया में आरटीई नियमों एवं विभागीय निर्देशों का पालन नहीं किया गया। कहीं वरिष्ठ अध्यापकों को हटाया गया तो कहीं कनिष्ठ अध्यापकों को, जबकि शिक्षकों से विकल्प पत्र भी नहीं भरवाए गए। यू-डायस प्रणाली के माध्यम से सीधे आईडी परिवर्तन कर दिए गए तथा छात्र संख्या को भी नजरअंदाज किया गया। समायोजन के नाम पर शिक्षकों के मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया।
शिक्षक संघ का कहना है कि पूर्व में समायोजन 2.0 के अंतर्गत जिन विद्यालयों में मानक के अनुसार अध्यापक तैनात किए गए थे, समायोजन 3.0 में उन्हीं विद्यालयों के अध्यापकों को हटाया जाना पूरी तरह अनुचित और नियमविरुद्ध है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि ऐसे समायोजन निरस्त नहीं किए गए तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे और एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखा।

रिपोर्ट -अमित कुमार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।