उरई (जालौन)।उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के माननीय सभापति श्री किरण पाल कश्यप ने की।

बैठक में वर्ष 2022 से अब तक माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं प्रस्तुत प्रस्तावों पर की गई कृत कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के प्रारंभ में जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों का परिचय कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने माननीय सभापति का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
अपने संबोधन में माननीय सभापति श्री किरण पाल कश्यप ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सभी आवेदन पत्रों एवं प्रस्तावों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की अद्यतन प्रगति से समिति को नियमित रूप से अवगत कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों के प्रश्नों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यात्मक निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अनुसचिव एवं समिति अधिकारी विनोद यादव, प्रतिवेदक बृजेश यादव, समीक्षा अधिकारी सौरभ दीक्षित, अपर निजी सचिव अभिनव यादव, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशान्त पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#up #oraijalaun