उरई (जालौन)।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार उरई शहर के प्रमुख चौराहों में से एक चौरसी मोड़ पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार को सघन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने किया।
इस दौरान पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। टीम द्वारा सड़क मार्ग पर किए गए अस्थायी व स्थायी अवैध अतिक्रमण, ठेले तथा अन्य अवरोधों को हटवाया गया, जिनके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
अतिक्रमण हटने के बाद चौरसी मोड़ पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली।
प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों एवं अतिक्रमणकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क अथवा फुटपाथ पर पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि शहर को जाम मुक्त बनाने एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से आमजन में सकारात्मक संदेश गया है।
रिपोर्ट – अमित कुमार, जनपद जालौन (उ.प्र.)

