जालौन।भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक शनिवार को गल्ला मंडी, जालौन में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।इसके बाद संगठन के पदाधिकारी एवं किसान तहसील पहुंचे और उपजिलाधिकारी राकेश सोनी को ज्ञापन सौंपा।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।बैठक में किसानों ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज तथा खराब ट्रांसफार्मरों के कारण किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।संगठन ने सिंचाई व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। किसानों ने बताया कि भदवा माइनर और जीपुरा माइनर की केवल 500 मीटर तक ही खुदाई कराई गई है, जिससे अंतिम छोर (टेल) तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।किसानों ने दोनों माइनरों की टेल तक पूर्ण खुदाई कराकर सिंचाई व्यवस्था सुचारु किए जाने की मांग उठाई।भाकियू (टिकैत) ने खरीफ फसलों की बुवाई को देखते हुए सहकारी समितियों एवं सरकारी केंद्रों पर किसानों को समय से पर्याप्त मात्रा में खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की मांग भी की।किसानों का कहना था कि खाद और बीज की समय पर उपलब्धता से ही खरीफ की बुवाई प्रभावित हुए बिना पूरी हो सकेगी।इसके अलावा ग्राम गायर के मुख्य नाले पर पुलिया निर्माण सहित अन्य जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की भी मांग की गई।ज्ञापन सौंपते हुए भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने किसानों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान नहीं कराया,तो संगठन किसानों के साथ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा,इस अवसर पर भाकियू (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष देव सिंह पटेल,प्रशांत,धनीराम,अरविंद कुमार,मुलु सिंह,संत शरण भादवा,रामपाल सिंह सेंगर,दिलीप कुमार साहब सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

रिपोर्ट -अमित कुमार जनपद जालौन उत्तर प्रदेश।

📲7526086812