उरई जालौन।राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में गुरुवार को प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने परिसर का व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट, शव विच्छेदन गृह तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रधानाचार्य ने सबसे पहले महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों, तीमारदारों और आगंतुकों के लिए पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
इस संबंध में कार्यदायी एजेंसी एवं सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
इसके बाद डॉ. महेंद्र सिंह ने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य शव विच्छेदन गृह भी पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों की सुविधा के लिए छायायुक्त प्रतीक्षालय विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही परिसर की सुरक्षा और सुव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय में आने वाले प्रत्येक मरीज और उनके परिजनों को बेहतर वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास एवं निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं तथा परिसर की स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

