उरई(जालौन)।कोतवाली उरई क्षेत्र के ग्राम चकजगदेवपुर निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।महिला ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 19 अप्रैल 2026 की शाम करीब सात बजे उनकी 13 वर्षीय पुत्री पास की दुकान से छांछ का पैकेट लेने गई थी। आरोप है कि लौटते समय पड़ोसी ने उसकी पुत्री का हाथ पकड़ लिया तथा उसके साथ अशोभनीय हरकत की।बच्ची के शोर मचाने पर परिजन एवं आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से धमकी देते हुए वहां से चला गया।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अपने एक रिश्तेदार पुलिसकर्मी के प्रभाव का हवाला देकर परिवार को धमकाता रहा है।पीड़िता के अनुसार घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी।जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई।महिला का आरोप है कि मामले की गंभीरता के अनुरूप मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

