उरई।शहर में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।मंत्री को 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे समारोह का माहौल उत्सवमय हो उठा।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता निरंतर मेहनत कर रहे हैं।
इसी समर्पण और जनता के सहयोग के बल पर भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास, सुशासन और सेवा की भावना भाजपा की पहचान है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी जनता का समर्थन पार्टी को मिलता रहेगा।
मंत्री ने कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में समर्पित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं, जो जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़कर संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय ब्राह्मण समाज द्वारा मंत्री मनोज पांडेय का विशेष सम्मान किया गया।
इस दौरान उन्हें फलों से तुलादान कर सम्मानित किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
समारोह में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा पूर्व विधायक मूलचंद निरंजन उर्विजा दीक्षित सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।