उरई(जालौन)।जनपद जालौन के ग्राम गोपालपुरा में कथित जातिसूचक टिप्पणी के मामले में एफआइआर दर्ज कराने की मांग को लेकर अधिवक्ता अजय सिंह ने पांच सितंबर से अंबेडकर चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। उन्होंने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की बात कही है। उनके साथ कमलेश सागर, अजय गौतम, विकास कुमार, रूपेंद्र और इंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोग भी धरने पर बैठे हैं।
अधिवक्ता अजय सिंह ने बताया कि ग्राम गोपालपुरा निवासी राम मोहन पर दुकान पर मौजूद लोगों और एक नाबालिग बच्ची के सामने कथित जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित वीडियो उनके पास सुरक्षित है। उनका आरोप है कि टिप्पणी के माध्यम से एक विशेष जाति का अपमान किया गया।
अजय सिंह के अनुसार, उन्होंने तीन अगस्त को पुलिस अधीक्षक जालौन को एफआइआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। उनके मुताबिक एसपी ने उसी दिन थाना माधौगढ़ प्रभारी को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद 36 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
उन्होंने चार सितंबर को मोबाइल नंबर से उन्हें और गवाह मान सिंह को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया। इसके साथ ही आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और गवाहों की सुरक्षा की मांग की।
धरने पर बैठे लोगों ने एफआइआर दर्ज करने, धमकी के आरोपों की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ता ने कहा कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
रिपोर्ट -अमित कुमार पत्रकार उरई जनपद जालौन।

