📌हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए डीएम व एसपी ने की समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में अभियान को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि 09 से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले अभियान के दौरान प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में तिरंगा रैलियों का भव्य आयोजन किया जाए, जिनमें छात्र-छात्राएं, युवा, स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आमजन बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। रैली के प्रारंभ में सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन कराया जाए।

Img 20260708 wa0008

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, चित्रकला, देशभक्ति आधारित गतिविधियां तथा स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल माध्यम से अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और कर्तव्यबोध की भावना को सशक्त करने का माध्यम बने। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करें, जिससे जनपद में हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन उत्साह, गरिमा एवं जनसहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Img 20260807 wa0040
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।