मथुरा। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन अभियान चलाकर नमूना संग्रहण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने कंचनपुरा, गोवर्धन स्थित मैसर्स भोले शंकर राइस एण्ड जनरल, बरसाना रोड, गोवर्धन स्थित मैसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स, मैसर्स ओम एग्रोटेक, इंडस्ट्रियल एस्टेट, बरारी स्थित लक्ष्मी फ्लोर मिल तथा रिफाइनरी इंडस्ट्रियल एरिया, मथुरा स्थित श्री गोवर्धन फ्लोर मिल का निरीक्षण किया।

Img 20260807 wa0022

इस दौरान मैदा, रवा, तंदूरी आटा तथा गेहूं के आटे के एक-एक नमूने लिए गए। अभियान के दौरान बरसाना स्थित मिठाई प्रतिष्ठानों पर भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। यहां पेड़ा के दो नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित लगभग 400 किलोग्राम पेड़ा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये थी, को मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुल छह नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह, अरुण कुमार राणा, जितेन्द्र सिंह, राम नरेश, दिनेश कुमार भारती, मोहर सिंह कुशवाह, रीना शर्मा तथा नेहा शामिल रहे।